गंगाशहर एवं तेरापंथ धर्मसंघ
- जैन लूणकरण छाजेड़, गंगाशहर (बीकानेर) राजस्थान के प्रमुख शहरों में अग्रणी बीकानेर का उपनगरीय क्षेत्र गंगाशहर व्यवस्थित ढंग की बसावट के साथ ही धार्मिक-आध्यात्मिक, सामाजिक एवं आर्थिक सम्पन्नता के चलते देशभर में अपनी विशेष पहचान रखता है। यह क्षेत्र सर्वधर्म सद्भाव का जीता जागता प्रतीक है। बीकानेर के कुशल प्रशासक महाराजा गंगासिंह जी ने अपने नाम से विक्रम संवत् 1948 में इसकी स्थापना की थी। बीकानेर शहर से 5 किमी दूर दक्षिण दिशा में भीनासर एवं बीकानेर के मध्य अवस्थित पूरा गंगाशहर दो खंडो में आबाद हुआ। सर्वप्रथम पुरानी लेन बसी तदुपरांत विक्रम संवत् 1970 में नई लेन आबाद हुई। कस्बाई और शहरी संस्कृति के अद्भुत समन्वय में स्थापित गंगाशहर की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का कोई सानी नहीं है। भौगोलिक दृष्टि से गंगाशहर के दक्षिण में भीनासर, पूर्व में घड़सीसर एवं पश्चिम में सुजानदेसर है। बीकानेर, उदयरामसर एवं घड़सीसर से गंगाशहर काफी निचाई पर बसा हुआ है। तीनों तरफ से ऊँचाई होने से रात्रिवेला में प्रवेश करते हुए यह क्षेत्र एक मनोहारी दृश्य उपस्थित करता है। गंगाशहर का नगर नियोजन सुन्दरतम ए...